राशन संचालक की मनमानी से परेशान ग्रामीणों ने दुकान में जड़ा ताला, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
दबंग इंडिया / छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत थुनिया उधना में राशन दुकान संचालक की कार्यशैली से आक्रोशित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने दुकान में ताला बंद कर दिया।
मामला 16 अगस्त का है, जहां ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने राशन न मिलने को लेकर जोरदार हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के स्वयं सहायता समूह के नाम पर दुकान को कोई बाहरी व्यक्ति संचालित कर रहा है।
वह न तो समय पर राशन बांटता है और न ही पूरा खाद्यान्न देता है। विरोध करने पर लोगों को बिना राशन दिए भगा दिया जाता है।
जनप्रतिनिधि व जनपद पंचायत सभापति राजकुमार अहिरवार के अनुसार, गांव के 40 से अधिक परिवारों को अभी तक खाद्यान्न नहीं मिल सका है।
ग्राम सरपंच सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि दुकान संचालक की मनमानी को लेकर पूर्व में भी कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों से लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि राशन दुकान संचालक को तत्काल प्रभाव से हटाकर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे रिंग रोड चौराहे पर चक्काजाम कर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया विश्वकर्मा










