Home Blog एक हफ्ते में ही उखड़ गई ढाई लाख की CC सड़क, गुरैया...

एक हफ्ते में ही उखड़ गई ढाई लाख की CC सड़क, गुरैया पंचायत में भ्रष्टाचार उजागर

एक हफ्ते में ही उखड़ गई ढाई लाख की CC सड़क, गुरैया पंचायत में भ्रष्टाचार उजागर

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया। छिंदवाड़ा नगरीय सीमा से लगी ग्राम पंचायत गुरैया में विकास के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। पंचायत के अहिरवार मोहल्ले में बनी 100 मीटर CC सड़क एक सप्ताह भी नहीं टिक पाई और जगह-जगह से उखड़ने लगी है।

ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क के लिए करीब ढाई लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। निर्माण कार्य हाल ही में पूरा किया गया था, लेकिन गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया। सीमेंट और रेत के अनुपात में भारी गड़बड़ी के चलते एक हफ्ते के भीतर ही सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है, कई जगह गड्ढे बन गए हैं और हल्की बारिश में ही जलभराव हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सरपंच, सचिव और इंजीनियरों की मिलीभगत से सिर्फ कागजी खानापूर्ति की गई है। बताया जा रहा है कि तकनीकी अमले ने मौके का निरीक्षण भी किया था, लेकिन गुणवत्ताहीन काम पर आंख मूंद ली गई।

इससे शासन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क की गुणवत्ता की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि छिंदवाड़ा जनपद की कई अन्य पंचायतों में भी निर्माण कार्यों में इसी तरह की अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा