दबंग इंडिया की खबर का असर – अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश
आज ग्राम पंचायत मदनपुर में होगी जांच, क्या होगी निष्पक्ष जांच या फिर जांच के नाम पर नया खेल ?
छिंदवाड़ा। दबंग इंडिया। दबंग इंडिया की खबर का बड़ा असर हुआ है। छिंदवाड़ा जनपद की ग्राम पंचायत मदनपुर में कथित भ्रष्टाचार और परिवारवाद को लेकर प्रकाशित खबर के बाद आखिरकार अधिकारियों की नींद टूटी है। अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं और आज ग्राम पंचायत मदनपुर में जांच टीम पहुंचेगी।
अब पूरे गांव की नजर इस जांच पर टिकी है। ग्रामीण पूछ रहे हैं – क्या सही जांच करेंगे जनपद पंचायत के अधिकारी, या फिर जांच के नाम पर कोई नई कहानी बन जाएगी ?
पहले की खबर में क्या था ?
दबंग इंडिया ने पहले खबर प्रकाशित की थी कि ग्राम पंचायत मदनपुर में सरपंच पिता हैं और रोजगार सहायक सचिव उनका पुत्र है। ग्रामीणों का आरोप था कि पंचायत के प्रस्ताव से लेकर भुगतान तक हर फाइल पर एक ही परिवार का कब्जा है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप था कि 6 महीने पहले बनी करीब 150 मीटर सीसी रोड पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बजरी निकल रही है, जगह-जगह से टूट गई है। मोक्षधाम और अन्य निर्माण कार्य भी गुणवत्ताहीन हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों का अंबार लगने के बाद भी कलेक्टर जनसुनवाई, जनपद सीईओ और जिला पंचायत में शिकायत के बाद भी कोई जांच दल गांव नहीं पहुंचा था।
अब जांच रिपोर्ट का इंतजार
खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं। आज जांच टीम गांव पहुंचकर निर्माण कार्यों, मस्टररोल और पंचायत के वित्तीय लेनदेन की जांच करेगी।
लेकिन ग्रामीणों में अब भी शंका है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई बार जांच की बात कही गई, लेकिन जांच रिपोर्ट कभी सामने नहीं आई। अब सवाल यही है –
क्या जांच निष्पक्ष होगी ?
क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी ?
या जांच के नाम पर हो जाएगा नया खेल ?
ग्रामीणों की मांग है कि मदनपुर पंचायत के पिछले 2 साल के सभी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच हो, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई हो।
देखिए आगे की खबर में – कहां है विधायक निधि की राशि ?
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया – कन्हैया विश्वकर्मा










