कलेक्टर नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा सेवा संकल्प अभियान, कलेक्टर ने तैयारियों को लेकर दिए निर्देश
हाईजीन को लेकर रेस्टोरेंट/होटल की औचक जांच लगातार जारी रखने के निर्देश।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया/आज छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि फूड सेफ्टी ऑफिसर हाईजीन को लेकर जिले के रेस्टोरेंट, होटल आदि में औचक निरीक्षण की कार्यवाही जारी रखें और कमियों की बिंदुवार जानकारी नोटिस में संचालकों को देते हुए कमियां दूर कराएं।
- नागरिकों की सेहत और स्वास्थ्य में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर नारायन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दे रहे थे।
बैठक में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों व जनसुनवाई आवेदनों के निराकरण और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के जिले में क्रियान्वयन की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत, वनमंडल अधिकारी, अपर कलेक्टर सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं मुख्यालय स्तर के अधिकारी सभाकक्ष में उपस्थित थे,।
जबकि जिले के अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।
इस सप्ताह 11 सितंबर को सुसरई में लगेगा सीएम जन-विश्वास शिविर –
कलेक्टर नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले से निर्धारित रोस्टर में आंशिक संशोधन करते हुए अगला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम बीते शुक्रवार को जन्माष्टमी पर्व के कारण इस सप्ताह शुक्रवार 11 सितंबर को छिंदवाड़ा विकासखंड के ग्राम सुसरई में आयोजित किया गया है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को इस शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और आमजन की अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही निर्देशित किया है कि ब्लॉक स्तरीय समाधान के लिये जिस विभाग की शिकायत प्री सोल में चयनित होंगी, उनमें जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र शिविर के एक दिवस पूर्व ही जारी किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आगामी शिविर के लिए चयनित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गंभीरता के साथ संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिविर दिवस में अपनी संस्थाओं का निरीक्षण नहीं करने वालों को जारी होंगे नोटिस – कलेक्टर नारायन ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिला अधिकारी सीएम जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित प्रत्येक शिविर के प्रथम चरण में अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और परख ऐप में ऑनलाइन निरीक्षण प्रतिवेदन दर्ज करेंगे।
जिसके बाद द्वितीय सत्र में आयोजित शिविर स्थल पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और क्षेत्र से संबंधित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण करेंगे। इसी तरह ब्लॉक लेवल अधिकारी भी अपने अपने क्षेत्र में फील्ड भ्रमण पर रहनें और संस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने विभाग से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण नहीं करने और परख ऐप में जानकारी दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
किराए के आंगनबाड़ी केंद्रों में समुचित सुविधाएं न होने पर जताई कड़ी नाराजगी – कलेक्टर नारायन ने किराए के कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पानी की समस्या संज्ञान में आने पर जिला परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और वहां उपलब्ध सुविधाओं की नामजद सूची बनाकर प्रस्तुत करें। स्वयं मौके पर जाकर भी स्थिति देखें और प्रतिवेदन दें।
17 सितंबर से चलेगी सेवा संकल्प अभियान – कलेक्टर नारायन ने जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन जिले में भी किया जाएगा।
अभियान के तहत जिले में लगभग 10 तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, इनमें आशीर्वाद का दिया, बच्चों के सपनों का भारत, सेवा गाथा, आंगनबाड़ी उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र आदि गतिविधियों का आयोजन शामिल है।
उन्होंने सभी अलग अलग गतिविधियों के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपते हुए तैयारियां शुरू करने और जिले में अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फॉर्मर रजिस्ट्री में उल्लेखनीय प्रगति पर एसडीएम चौरई और टीम की सराहना – फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में सप्ताह में उल्लेखनीय एवं सर्वाधिक प्रगति पर कलेक्टर नारायन ने एसडीएम चौरई और तहसीलदार चांद, चौरई, बिछुआ एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की।
उन्होंने एसडीएम से प्रगति के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी ली और अन्य सभी एसडीएम को भी इसी तरह के प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने छिंदवाड़ा में सबसे कम प्रगति पर एसडीएम छिंदवाड़ा को स्थिति सुधारने और प्रतिदिन पटवारियों के कार्यों की मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए।
शीघ्र भेजें फसल क्षति के प्रकरण – वनमंडल अधिकारी श्री साहिल गर्ग ने बताया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में एक जंगली हाथी विचरण कर रहा है, वर्तमान में उसकी लोकेशन सांगाखेड़ा क्षेत्र में है। कलेक्टर नारायन ने इस संबंध में संबंधित एसडीएम को कोटवारों के माध्यम क्षेत्र में मुनादी करवाने और ग्रामीणों को हाथी से दूर रहने की समझाइश देने के निर्देश दिए।
साथ ही हाथी एवं जंगली सुअर से हुई फसल क्षति के प्रकरण शीघ्र तैयार कराएं और प्रभावितों को क्षतिपूर्ति राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित कराएं ।
अन्य निर्देश – समय सीमा की बैठक ने कलेक्टर श्री नारायन ने अन्य प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम जुन्नारदेव को पील्हावाड़ी में सड़क की समस्या के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, मलेरिया ऑफिसर को डेंगू, मलेरिया के सेंसटिव क्षेत्रों में दवा छिड़काव का कार्य आगामी एक सप्ताह में पूर्ण करने, डिप्टी कलेक्टर राहुल पटेल को रात्रि में भी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने, सभी अधिकारियों को जनसुनवाई के प्रकरणों में रिप्लाई अनिवार्य रूप से दर्ज करने, बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर सितंबर माह में राजस्व वसूली का लक्ष्य 50 प्रतिशत तक प्राप्त करने सहित अन्य निर्देश दिए हैं।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










