मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग: गोंगपा ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
SIR में वोट चोरी और थावड़ी टेका-उमरिया में पट्टे की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कलेक्टर के माध्यम से भेजा ज्ञापन
छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। पार्टी ने जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण और SIR को लेकर देशभर में गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं और वोट चोरी के आरोप लग रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयुक्त द्वारा SIR की प्रक्रिया में मतदाताओं के नाम अनुचित ढंग से हटाए गए हैं, पात्र मतदाताओं को मताधिकार से वंचित किया गया है और एक दल विशेष को लाभ पहुँचाने का काम किया गया है।
गोंगपा की प्रमुख मांगें –
- SIR और वोट चोरी की स्वतंत्र, उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
- मतदाता सूची से हटाए गए नामों और दावों-आपत्तियों के रिकॉर्ड की जांच हो।
- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर संविधान के अनुसार पद से हटाने की कार्रवाई हो।
- मतदाता सूची की प्रक्रिया को पारदर्शी और सार्वजनिक किया जाए।
दो गांवों में पट्टे की भी मांग –
पार्टी ने चुनावी मुद्दों के साथ स्थानीय मुद्दे भी उठाए। ग्राम थावड़ी टेका (तहसील छिंदवाड़ा) और ग्राम उमरिया (तहसील बिछुआ) में 100 वर्षों से बसे परिवारों को आवासीय पट्टे देने की मांग की गई है। पार्टी ने दोनों गांवों का राजस्व सर्वे कराकर पात्र परिवारों को पट्टा वितरण की प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










