सख्ती के बाद कलेक्टर का सॉफ्ट अप्रोच: खुद पटवारी बनकर समझी स्वामित्व योजना की प्रक्रिया
बिछुआ और चांद तहसील में पटवारियों के डाउट दूर किए, बारीकियां सिखाईं – कल अमरवाड़ा-हर्रई दौरे पर रहेंगे
छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)। स्वामित्व योजना में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई के बाद अब कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मैदानी स्तर पर सुधार की पहल शुरू कर दी है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर खुद मैदान में उतर गए हैं।
शुक्रवार को कलेक्टर ने तहसील बिछुआ और चांद में पटवारियों के साथ बैठक कर अपने सामने स्वामित्व पंजीयन की पूरी प्रक्रिया करवाई। इस दौरान उन्होंने खुद भी प्रक्रिया को बारीकी से समझा, पटवारियों के डाउट दूर किए और काम के हर चरण की बारीकियां सिखाईं। उनके साथ सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना प्रशासन की प्राथमिकता में है। मैदानी अमले को प्रक्रिया की पूरी जानकारी होनी चाहिए और हर चरण सावधानी से पूरा किया जाना चाहिए। तकनीकी दिक्कतों को दूर कर पंजीयन में गति और गुणवत्ता लाना ही इस पहल का उद्देश्य है।
इसी क्रम में कलेक्टर शनिवार 10 अक्टूबर को तहसील अमरवाड़ा और हर्रई क्षेत्र का दौरा करेंगे और वहां भी पटवारियों को मार्गदर्शन देंगे।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










