सैयां भए कोतवाल तो डर काहे का!
छिंदवाड़ा में अटैचमेंट के नाम पर नियमों की उड़ रही धज्जियां, बिना बाबू के चल रहे संकुल केंद्र
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया । जिले के शिक्षा विभाग में इन दिनों ‘अटैचमेंट’ का अनोखा खेल चल रहा है। शासन के स्पष्ट निर्देशों को ताक पर रखकर DEO कार्यालय, DPC और तहसील स्तर के दफ्तरों में बड़ी संख्या में शिक्षकों और बाबुओं को नियमविरुद्ध तरीके से अटैच कर रखा गया है।
ऑनलाइन हाजिरी का बड़ा खेल:
नियमानुसार शिक्षक को अपनी मूल संस्था में लोकेशन आधारित ऑनलाइन हाजिरी लगानी होती है। लेकिन सूत्रों की मानें तो दफ्तरों में अटैच रसूखदार शिक्षक महीनों से अपनी मूल शालाओं में गए ही नहीं, फिर भी उनकी हाजिरी कैसे लग रही है? यह जांच का बड़ा विषय है।
आम शिक्षकों पर डंडा, ‘खास’ को छूट:
दूरस्थ स्कूलों में सेवा दे रहे शिक्षकों पर जरा सी देरी पर वेतन काटने और नोटिस की कार्रवाई होती है, वहीं दफ्तरों में बाबूगिरी कर रहे अटैच शिक्षकों को हर नियम से खुली छूट मिली है।
बिना बाबू के चल रहे संकुल और BEO कार्यालय:
जिले के कई संकुल केंद्र और BEO कार्यालय बिना बाबुओं के भगवान भरोसे चल रहे हैं। मूल लिपिकों को जुगाड़ के दम पर जिला मुख्यालय या मलाईदार जगहों पर अटैच कर दिया गया है। वेतन, एरियर, क्रमोन्नति जैसे काम महीनों से लटके हैं।जनगणना की आड़ में तहसील-SDM दफ्तरों में डेरा:
जनगणना और अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों का बहाना बनाकर बड़ी संख्या में शिक्षकों को परासिया सहित अन्य तहसील और SDM कार्यालयों में अटैच कर लिया गया है। क्या प्रशासन के पास अपना अमला खत्म हो गया है, जो हर काम के लिए शिक्षा विभाग की ही बलि चढ़ाई जा रही है?अब सवाल ये है – क्या जिला प्रशासन दफ्तरों में जमे शिक्षकों-बाबुओं को वापस उनकी मूल संस्थाओं में भेजेगा, या बच्चों के भविष्य से यूं ही खिलवाड़ जारी रहेगा?
इस खबर को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें, ताकि बच्चों की आवाज ऊपर पहुंचे।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










