छिंदवाड़ा दबंग इंडिया | बड़ी खबर
50 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक रंगे हाथ धराया
चेक बाउंस मामले में खात्मा लगाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, लोकायुक्त ने थाने में ही दबोचा
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया / दमुआ।
दमुआ थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक धरमदास यादव को लोकायुक्त टीम ने शनिवार को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई थाने में ही की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार दानिश अंसारी से जुड़े चेक बाउंस के एक मामले की शिकायत थाने में की गई थी। इसकी जांच प्रधान आरक्षक धरमदास यादव कर रहे थे।
आरोप है कि इस मामले में खात्मा लगाने के एवज में प्रधान आरक्षक ने फरियादी से 1 लाख रुपए की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान फरियादी ने दो दिन पहले लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने पहले शिकायत का सत्यापन किया और फिर कार्रवाई की योजना बनाई।
ऐसे पकड़ा गया
शनिवार को फरियादी 50 हजार रुपए की पहली किस्त लेकर थाने पहुंचा। जैसे ही प्रधान आरक्षक ने रुपए अपने हाथ में लिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
लोकायुक्त की इस कार्रवाई में डीएसपी रेखा प्रजापति, निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
आपकी क्या राय है? क्या रिश्वतखोरों पर ऐसी ही सख्त कार्रवाई होनी चाहिए? कमेंट में जरूर बताएं।
- छिंदवाड़ा दबंग इंडिया | कन्हैया विश्वकर्मा










