Home CITY NEWS एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश और नगर निगम की कार्रवाई...

एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश और नगर निगम की कार्रवाई में पेड़ पर ही चला आरा!

‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश और नगर निगम की कार्रवाई में पेड़ पर ही चला आरा!

रेहड़ी-पटरी वालों पर सख्ती, रसूखदारों के अतिक्रमण पर चुप्पी क्यों?

बड़े दुकानदारों का सड़क पर रखा सामान हो जब्त, अतिक्रमणकारियों पर हो दंडात्मक कार्रवाई

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया। देशभर में प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि तक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। लोगों से एक-एक पेड़ लगाने और उसे सहेजने की अपील की जा रही है, लेकिन छिंदवाड़ा नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते की कार्रवाई में एक हरे-भरे पेड़ पर ही आरा चल गया। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि एक ओर पेड़ लगाने का संदेश और दूसरी ओर लगे-लगाए पेड़ की कटाई, आखिर यह कैसा पर्यावरण संरक्षण?

अतिक्रमण हटाना नगर निगम की जिम्मेदारी है और शहर को व्यवस्थित करने के लिए यह अभियान भी जरूरी है, लेकिन क्या अतिक्रमण हटाने का मतलब हरे-भरे पेड़ों की बलि देना है? क्या पेड़ को सुरक्षित रखते हुए कार्रवाई का कोई दूसरा रास्ता नहीं निकाला जा सकता था? जिस पेड़ को बड़ा होने में वर्षों लगते हैं, उसे कुछ मिनटों में काट देना आखिर किस तरह की प्रशासनिक समझदारी है? नगर निगम को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि पेड़ काटने की आवश्यकता क्यों पड़ी और क्या इसके लिए नियमानुसार अनुमति एवं वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया गया था?

नगर निगम के अतिक्रमण अभियान को लेकर एक और बड़ा सवाल है। शहर में कार्रवाई का दायरा आखिर रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों तक ही क्यों सिमट जाता है? सड़क किनारे ठेला लगाने वाले छोटे कारोबारियों पर कार्रवाई करने में तो अतिक्रमण दस्ता तत्परता दिखाता है, लेकिन शहर के प्रमुख बाजारों में बड़े दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ तक सजाए जाने वाले सामानों पर कार्रवाई कब होगी?

बाजारों में कई बड़े दुकानदारों ने अपनी दुकानों की सीमाएं लांघकर सड़क और फुटपाथ को ही दुकान का हिस्सा बना लिया है। कहीं कपड़े, कहीं फर्नीचर तो कहीं अन्य व्यावसायिक सामान सड़क पर सजाकर सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा जमा रखा है। इससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। क्या नगर निगम को ये अतिक्रमण दिखाई नहीं देते या फिर बड़े दुकानदारों के सामने कार्रवाई का दम निकल जाता है? अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत बड़े दुकानदारों के सड़क पर फैले सामान और कब्जों से भी होनी चाहिए। ऐसे सामान को नियमानुसार जब्त कर राजसात किया जाए। बार-बार अतिक्रमण करने वालों पर भारी जुर्माना और वैधानिक दंडात्मक कार्रवाई हो। आखिर गरीब का ठेला सड़क पर खड़ा होना अतिक्रमण है तो बड़े दुकानदार का सड़क पर दुकान फैला देना किस नियम के तहत जायज है?

शहर में कई स्थानों पर रसूखदारों के स्थायी अतिक्रमण और नियम विरुद्ध निर्माण भी सवालों के घेरे में हैं। यदि नगर निगम वास्तव में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना चाहता है तो उसे बिना किसी दबाव और भेदभाव के ऐसे अतिक्रमणों पर भी बुलडोजर चलाने की हिम्मत दिखानी होगी। सिर्फ छोटे कारोबारियों को हटाकर अभियान की सफलता के दावे करना पर्याप्त नहीं है। सार्वजनिक जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार बेदखली, जुर्माना, सामान की जब्ती और अन्य दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।

नगर निगम की जवाबदेही भी हो तय

सवाल सिर्फ अतिक्रमणकारियों का नहीं, बल्कि उन जिम्मेदार अधिकारियों का भी है जिनकी निगरानी में शहर की सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण बढ़ता रहा। आखिर वर्षों से मौजूद बड़े अतिक्रमण जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों दिखाई नहीं दिए? क्या संबंधित अधिकारियों ने कभी इनकी जांच की या फिर कार्रवाई केवल शिकायत मिलने और अभियान चलने तक सीमित रही? नगर निगम आयुक्त को अतिक्रमण हटाओ अभियान की स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक करनी चाहिए। बड़े दुकानदारों, स्थायी अतिक्रमणकारियों और नियम विरुद्ध निर्माणों की पहचान कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। जब्त सामान, लगाए गए जुर्माने और की गई दंडात्मक कार्रवाई का विवरण भी सार्वजनिक किया जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई होनी चाहिए।

शहर की जनता यह जानना चाहती है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान केवल ठेले-गुमठियां हटाने और हरे-भरे पेड़ काटने तक सीमित रहेगा या फिर नगर निगम बड़े दुकानदारों के सड़क पर फैले सामान, रसूखदारों के स्थायी अतिक्रमण और नियम विरुद्ध निर्माणों पर भी कार्रवाई करेगा?

एक तरफ पौधे लगाकर फोटो खिंचवाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने से हरियाली नहीं बचती, उसके लिए पहले से लगे पेड़ों को बचाने की इच्छाशक्ति भी जरूरी है। इसी तरह अतिक्रमण हटाने की सार्थकता केवल गरीब की दुकान हटाने से नहीं, बल्कि बिना भेदभाव हर अतिक्रमण पर समान कार्रवाई करने से साबित होगी।

नगर निगम को अब जवाब देना होगा कि शहर की सड़कें आम जनता के आवागमन के लिए हैं या रसूखदारों के व्यावसायिक विस्तार के लिए? कानून सबके लिए समान है तो कार्रवाई भी सब पर समान रूप से दिखाई देनी चाहिए।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा