Home CITY NEWS WCL और बंद रेल लाइन की जमीन पर पट्टे की मांग: जुन्नारदेव-परासिया...

WCL और बंद रेल लाइन की जमीन पर पट्टे की मांग: जुन्नारदेव-परासिया के सैकड़ों लोग पहुंचे कलेक्टर के पास

WCL और बंद रेल लाइन की जमीन पर पट्टे की मांग: जुन्नारदेव-परासिया के सैकड़ों लोग पहुंचे कलेक्टर के पास

40-50 साल से रह रहे हैं, टैक्स दे रहे हैं पर नहीं मिल रहा भूमि अधिकार, पीएम आवास से वंचित

छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)। परासिया-जुन्नारदेव क्षेत्र में WCL और बंद पड़ी छोटी रेल लाइन की जमीन पर वर्षों से बसे परिवारों को भूमि अधिकार और पट्टा देने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण गुरुवार को छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि परासिया क्षेत्र में सैकड़ों परिवार WCL की भूमि पर 40-50 वर्षों से निवासरत हैं। उनके पक्के मकान हैं और वे स्थानीय निकाय को टैक्स भी दे रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें भूमि का पट्टा या अधिकार नहीं मिला है। क्षेत्र की खदानें 30 वर्ष से अधिक समय से बंद हैं और नई खदान खुलने की कोई संभावना नहीं है, जिससे यह भूमि अब पूरी तरह आवासीय उपयोग में आ चुकी है।

इसी तरह क्षेत्र की छोटी रेल लाइन भी करीब 30 वर्षों से बंद है। इसके आसपास हजारों मकान और बस्तियां विकसित हो चुकी हैं। 2 किलोमीटर की दूरी पर बड़ी रेल लाइन होने से यहां भविष्य में रेल संचालन की संभावना भी नहीं है।

भूमि अधिकार न होने के कारण पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय आवासीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।

प्रमुख मांगें –

  1. WCL की भूमि पर बसे परिवारों का सर्वे कर पात्रों को पट्टा दिया जाए।
  2. 30 साल से बंद खदान क्षेत्रों की भूमि पर बसे लोगों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
  3. बंद छोटी रेल लाइन के आसपास बसे परिवारों को भी भूमि अधिकार दिया जाए।
  4. पात्र परिवारों को पीएम आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वर्षों से लंबित इस गंभीर समस्या का समयबद्ध समाधान करने की मांग की है।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा