छिंदवाड़ा में पटवारी की 80 लाख की प्रॉपर्टी पर बवाल, एसडीएम ने जारी किया नोटिस
जिले के कई पटवारियों के पास करोड़ों की संपत्ति, जांच की मांग तेज
छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)। छिंदवाड़ा नगर तहसील में पदस्थ पटवारी याचना सोनी की 80 लाख रुपये की जमीन खरीदी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी को नोटिस जारी कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, याचना सोनी के नाम पर 80 लाख रुपये की जमीन की खरीदी को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में कुछ बिंदुओं को संदिग्ध पाए जाने के बाद एसडीएम छिंदवाड़ा ने स्वयं संज्ञान लेकर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
पिछले दिनों यह मुद्दा अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया है।
क्या होगी कार्रवाई?
नियमानुसार शासकीय सेवक को इतनी बड़ी संपत्ति खरीदने से पहले शासन से अनुमति लेना अनिवार्य है। यदि पटवारी ने बिना अनुमति के यह खरीद की है या यह आय से अधिक संपत्ति के दायरे में आती है, तो जवाब संतोषजनक न मिलने पर उनके विरुद्ध FIR दर्ज की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि इस स्थिति में बर्खास्तगी तय है।
इधर, इस मामले के उजागर होने के बाद चर्चा तेज हो गई है कि जिले में ऐसे कई पटवारी हैं जिनके पास लाखों-करोड़ों की अकूत संपत्ति है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










