Home CITY NEWS आनंद नगर में गूंजेगा माता रानी का जयकारा, शारदीय नवरात्र महोत्सव की...

आनंद नगर में गूंजेगा माता रानी का जयकारा, शारदीय नवरात्र महोत्सव की तैयारियां जोरों पर

आनंद नगर में गूंजेगा माता रानी का जयकारा, शारदीय नवरात्र महोत्सव की तैयारियां जोरों पर

ड्रेस थीम से लेकर चुनरी यात्रा तक – इस बार कुछ खास होगा दुर्गा उत्सव

छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)। शहर के आनंद नगर, वार्ड नं. 47 स्थित श्री माँ वैष्णो देवी दुर्गा मंदिर समिति द्वारा इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र महोत्सव बड़े ही धूमधाम और भव्यता से मनाया जा रहा है। समिति ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और शहरवासियों से बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।

समिति के अनुसार नवरात्रि के पावन पर्व पर माता रानी के नगर आगमन से लेकर कलश एवं प्रतिमा स्थापना तक भव्य आयोजन होंगे। इस बार कलश स्थापना की राशि 1251/- रखी गई है।

हर दिन अलग थीम, हर दिन अलग रंग

इस बार के नवरात्र महोत्सव की सबसे खास बात है हर दिन की अलग ड्रेस थीम। भक्तों के लिए सफेद, ऑरेंज महाराष्ट्रीयन, बंगाली, गुजराती, राजस्थानी और पंजाबी परिधानों की थीम रखी गई है, जिससे पंडाल में एकता में अनेकता का संगम देखने को मिलेगा।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में मातृशक्ति द्वारा महाआरती, इस्कॉन डांस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गरबा एवं आकर्षक झाँकियां, महाआरती के साथ सुहागले एवं चुनरी यात्रा जो आनंद नगर से षष्ठी माता मंदिर तक निकाली जाएगी, शामिल हैं।

इसके बाद 16 अक्टूबर को खाटूश्याम दरबार एवं भजन जेमिंग, 17 को डांस प्रतियोगिता, 18 को अष्टमी पूजा के साथ फैशन शो और रैम्प वॉक, 19 को हवन-पूजन एवं विशाल भण्डारा, 20 को रावण दहन एवं शस्त्र पूजन और 21 अक्टूबर को माता रानी के भव्य चल समारोह के साथ उत्सव का समापन होगा।

समिति ने बताया कि प्रतिदिन आरती का समय सुबह 9 बजे और रात 8 बजे रहेगा और प्रत्येक कार्यक्रम आरती के पश्चात प्रारंभ होगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि पंडाल की पवित्रता बनाए रखें और नशा करके पंडाल में प्रवेश न करें।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा