वोटर लिस्ट पर कांग्रेस का बड़ा हमला: SIR के नाम पर लाखों वोट काटने का आरोप, छिंदवाड़ा में कलेक्टर कार्यालय घेरा
राजीव भवन से निकली रैली, बोले विश्वनाथ ओकटे – 14 आपत्तियों का सच जनता के सामने लाए चुनाव आयोग
छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)। मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नामों के हेरफेर का आरोप लगाते हुए छिंदवाड़ा कांग्रेस ने आज चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से कलेक्टर कार्यालय तक जोरदार रैली निकालकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने कलेक्टर के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नाम ज्ञापन सौंपा और मांग की कि मतदाता सूची पर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब दस्तावेजों के साथ दिया जाए।
आयोग के भीतर ही फूट? कांग्रेस ने उठाया बड़ा सवाल
विश्वनाथ ओकटे ने द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला देते हुए सनसनीखेज आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्ति दर्ज कराई है। ये आपत्तियां वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-हटाने और नए पंजीयन से जुड़ी हैं।
ओकटे ने सवाल उठाया – “जब आयोग के अंदर ही 14 बार आपत्तियां लगी हैं, तो फैसले सर्वसम्मति से कैसे हो गए? आयोग बताए कि वे 14 आपत्तियां किस बात पर थीं और उनका क्या हुआ? जनता को सच जानने का हक है।”
SIR में गड़बड़ी का आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि मध्यप्रदेश में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के दौरान लाखों मतदाताओं के नाम बिना कारण हटाए-जोड़े गए हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे प्रदेश का विधानसभा और बूथवार डेटा सार्वजनिक किया जाए।
ओकटे ने कहा कि एक भी सच्चे मतदाता का नाम कटना लोकतंत्र पर हमला है। हर व्यक्ति को अपना नाम चेक करने, आपत्ति दर्ज करने और अपील करने का पूरा मौका मिलना चाहिए।
कांग्रेस की 5 सूत्रीय मांग
- 14 आपत्तियों का पूरा रिकॉर्ड और उन पर लिया गया फैसला सार्वजनिक हो।
- SIR का बूथ लेवल डेटा जारी हो – किसका नाम क्यों कटा, क्यों जुड़ा।
- वास्तविक मतदाताओं को नाम फिर से जुड़वाने का अवसर मिले।
- वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो।
- चुनाव आयोग अपनी कार्यप्रणाली पर खुलकर सफाई दे।
बताया जा रहा है कि आज इसी मुद्दे को लेकर पूरे मध्यप्रदेश में सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस ने एक साथ कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया है।
छिंदवाड़ा कलेक्ट कार्यालय में पुलिस बल रहा तैनात।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










