Home CITY NEWS छिंदवाड़ा जिला सहकारी बैंक की VC में शराब पार्टी, मैनीखापा समिति प्रबंधक...

छिंदवाड़ा जिला सहकारी बैंक की VC में शराब पार्टी, मैनीखापा समिति प्रबंधक नशे में पैग गटकते कैमरे में कैद

छिंदवाड़ा जिला सहकारी बैंक की VC में शराब पार्टी, मैनीखापा समिति प्रबंधक नशे में पैग गटकते कैमरे में कैद

वीडियो क्लिप वायरल होते ही मचा हड़कंप, विभाग ने थमाया कारण बताओ नोटिस, अफसरों ने साधी चुप्पी

अभी तो बैठक शुरू हुई है

छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)। छिंदवाड़ा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में अनुशासनहीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है।

बैंक की ऑफिशियल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मैनीखापा समिति के प्रबंधक शराब पीते हुए लाइव कैमरे में कैद हो गए।

इसका वीडियो देर शाम से जिले भर में तेजी से वायरल हो रहा है।

लाइव समीक्षा के दौरान गटका पैग

घटना सोमवार शाम करीब 4 से 5 बजे की है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक द्वारा शासन की योजनाओं और लक्ष्यों की प्रगति को लेकर VC ली जा रही थी।
इस वर्चुअल बैठक में जिले की सभी सहकारी समितियों के प्रबंधक और शाखा प्रबंधक जुड़े हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब महाप्रबंधक एक-एक समिति की समीक्षा कर रहे थे, उसी दौरान स्क्रीन पर मैनीखापा के समिति प्रबंधक राकेश चौकसे शराब का पैग बनाते और गटकते हुए नजर आए। यह नजारा देखते ही पूरी VC में सन्नाटा छा गया।

सबने देखा, पर सब चुप

बताया जाता है कि इस शर्मनाक हरकत को जिले के सैकड़ों प्रबंधकों और अधिकारियों ने अपनी-अपनी स्क्रीन पर लाइव देखा। लेकिन कार्रवाई के डर से कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। कंप्यूटर स्क्रीन की रिकॉर्डिंग का यह क्लिप अब सबूत के तौर पर वायरल हो रहा है।

सूत्र बताते हैं कि राकेश चौकसे के खिलाफ ड्यूटी टाइम में शराब पीने की शिकायतें पहले भी विभाग को मिलती रही हैं, लेकिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी आधिकारिक बैठक में इस तरह नशे में शामिल होना पहला मामला है।

नोटिस जारी, पर कार्रवाई पर सवाल?

मामले के तूल पकड़ने के बाद बैंक प्रबंधन ने आनन-फानन में संबंधित प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हालांकि, इस गंभीर लापरवाही पर अब तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और विभागीय अफसर चुप्पी साधे हुए हैं।

अब सवाल उठ रहा है कि क्या सहकारी समितियों में इस तरह खुलेआम शराबखोरी को नजरअंदाज किया जा रहा है?

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा