Home CITY NEWS छिंदवाड़ा पटवारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, स्वामित्व योजना में निष्पादक की...

छिंदवाड़ा पटवारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, स्वामित्व योजना में निष्पादक की जिम्मेदारी से हटाने की मांग

छिंदवाड़ा पटवारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, स्वामित्व योजना में निष्पादक की जिम्मेदारी से हटाने की मांग

छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 में पटवारियों को निष्पादक बनाए जाने का विरोध करते हुए छिंदवाड़ा जिले के पटवारी संगठन ने आज कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से भेजा गया।

पटवारी संघ ने कहा कि 24 सितंबर को भोपाल के वल्लभ भवन में हुई बैठक में भी संगठन ने अपनी आपत्तियां रखी थीं, लेकिन शासन द्वारा जारी नए परिपत्र और SOP में उन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उल्टा नई विसंगतियां पैदा हो गई हैं।

ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें उठाई गई हैं –

पहला, शासन के परिपत्र में ही लिखा है कि स्वामित्व योजना भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की है, लेकिन बैठक में अधिकारियों ने इसे राजस्व विभाग की योजना बताया। ऐसी अस्पष्टता में पटवारी को निष्पादक बनाना जोखिम भरा है।

दूसरा, SOP में विरोधाभास है। एक तरफ कहा गया है कि नाम में विसंगति होने पर पटवारी निष्पादन नहीं करेगा, तो दूसरी तरफ उसी SOP में पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट जैसे दस्तावेजों से पहचान की पुष्टि करने की जिम्मेदारी भी पटवारी पर ही डाल दी गई है। इससे भविष्य में विवाद होने पर सीधी जवाबदेही पटवारी पर आएगी।

तीसरा, ग्राम आबादी में रहने वाले सभी लोगों की पहचान पटवारी नहीं कर सकता, क्योंकि आबादी के अधिकांश लोग खातेदार नहीं होते। उनसे सीधा संपर्क सरपंच और सचिव का होता है, इसलिए पहचान सत्यापन का काम पंचायत को दिया जाना चाहिए।

संघ ने मांग की है कि इन विसंगतियों को दूर किए बिना पटवारियों पर निष्पादन की जिम्मेदारी न डाली जाए और इसके लिए सक्षम प्राधिकारी नियुक्त किया जाए।

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा