भगवान गणेश के दरबार में शिक्षकों की सामूहिक अर्जी, बोले – TET से मुक्ति दो, OPS बहाल करो
दबंग इंडिया / छिंदवाड़ा।
शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर अब भगवान श्री गणेश से गुहार लगाई है। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा, छिंदवाड़ा के बैनर तले जिले भर के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बुधवार को भगवान गणेश के चरणों में सामूहिक अर्जी लगाकर ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगें हैं – TET से स्थायी मुक्ति, प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा गणना और पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले के हजारों शिक्षकों ने 20-25 साल पहले तत्कालीन नियमों और पात्रता के आधार पर नियुक्ति पाई थी और तब से लगातार ईमानदारी से विभाग में सेवा दे रहे हैं। अब इतने वर्षों की सेवा के बाद TET अनिवार्य करना न्यायसंगत नहीं है। इसी को लेकर शिक्षकों ने ‘गो बैक TET’ के नारे लगाए।
ज्ञापन में मांग की गई कि शिक्षकों की सेवा की गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से की जाए और उसके आधार पर सभी सेवा लाभ दिए जाएं। साथ ही वर्षों से लंबित OPS को बहाल कर शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए।
शिक्षकों ने भगवान गणेश से प्रार्थना की कि वे नीति-निर्माताओं को सद्बुद्धि दें ताकि शिक्षकों के साथ न्याय हो सके।
कार्यक्रम में आजाद अध्यापक शिक्षक संघ, आजाद शिक्षक परिषद, म.प्र. अध्यापक शिक्षक संघ, शासकीय गुरुजी संघ और कर्मचारी कल्याण कोष के पदाधिकारी शामिल हुए। अमरवाड़ा, चौरई, परासिया, मोहखेड़, बिछुआ, जुन्नारदेव और छिंदवाड़ा ब्लॉक से बड़ी संख्या में शिक्षक पहुंचे।
इस अवसर पर रोहित राम टेकरे, कमल किशोर साहू, योगेश दुबे, राजेंद्र करमेले, दिलीप नागवंशी, सतीश पवार, मनोज कोलारे, संतोष बघेल, अनीश मंसूरी, करुणा हानोते, सरोज बघेल सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रवक्ता कमल किशोर साहू एवं जिला संयोजक रोहित राम टेकरे ने कहा, “शिक्षक वर्षों से निष्ठा से सेवा कर रहे हैं। हमारी मांगें सम्मान और सेवा सुरक्षा से जुड़ी हैं। सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।”
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने एक स्वर में कहा – “शिक्षकों के साथ न्याय हो, मध्यप्रदेश के साथ न्याय हो।”
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










