छिंदवाड़ा में मौसम का तांडव: 10 मिनट के भीषण तूफान से दर्जनों गणेश पंडाल उड़े, पेड़ व बिजली के खंभे धराशायी
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया/ छिंदवाड़ा रोहना कलां शनिवार को छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय से लगे रोहना कलां क्षेत्र में कुदरत का भीषण रूप देखने को मिला। दोपहर बाद अचानक आए तेज आंधी-तूफान के साथ लगभग दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। महज़ 10 मिनट चले इस भयानक तूफान ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई, जिससे चारों तरफ हाहाकार मच गया।
10 मिनट में मची तबाही, उड़े दर्जनों पंडाल तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसकी सांय-सांय करती आवाज से लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते गणेश उत्सव के लिए सजाए गए एक दर्जन से अधिक सार्वजनिक गणेश पंडाल हवा में उड़ गए। कई घरों के छप्पर और शेड उड़ गए, वहीं दर्जनों बड़े-बड़े पेड़ और बिजली के खंभे ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गए। कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और सड़कें अवरुद्ध हो गईं।
समिति के सदस्यों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
तूफान के अचानक भीषण रूप लेने और पंडालों के उड़ने के बावजूद एक बड़ा हादसा टल गया। पंडाल क्षतिग्रस्त होते ही विभिन्न सार्वजनिक समितियों के सदस्यों और युवाओं ने तत्परता दिखाई। उन्होंने तुरंत भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया, जिससे प्रतिमाओं को कोई नुकसान नहीं पहुँचा
बारिश थमते ही पुनः स्थापित हुए पंडाल लगभग दो घंटे बाद जब मूसलाधार बारिश और हवा का दौर थमा, तब समिति के सदस्य और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए।
जगह-जगह गिरे पेड़ों की टहनियों को हटाकर रास्ता बहाल किया गया। इसके बाद समितियों द्वारा तुरंत अस्थायी रूप से पुनः पंडाल तैयार कर बाप्पा की प्रतिमाओं को पूर्ण श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ विराजमान किया गया। प्रशासन की टीम भी नुकसान का आकलन करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुट गई है।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










