Home CITY NEWS प्रगतिशील रेडियोग्राफर संघ की रेडियोग्राफर्स को सहायक प्रबंधक के पद पर पदोन्नति...

प्रगतिशील रेडियोग्राफर संघ की रेडियोग्राफर्स को सहायक प्रबंधक के पद पर पदोन्नति देने की मांग

प्रगतिशील रेडियोग्राफर संघ की रेडियोग्राफर्स को सहायक प्रबंधक के पद पर पदोन्नति देने की मांग

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया _छिंदवाड़ा
प्रगतिशील रेडियोग्राफर्स संघ, मध्यप्रदेश ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में कार्यरत रेडियोग्राफर्स जिनकी सेवाकाल पंद्रह वर्ष पूर्ण हो गया है उनकी योग्यता, अनुभव एवं सेवाकाल के आधार पर सहायक प्रबंधक (अस्पताल/हेल्थकेयर मैनेजमेंट) के पद पर पदोन्नति दिए जाने की मांग शासन से की है।

इस संबंध में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

संघ के प्रदेश सचिव कमलेश धाकड़ तथा कार्यकारी अध्यक्ष रवि कुमार जोशी ने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में रेडियोग्राफर्स पिछले 15 से 20 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में रेडियोग्राफर्स केवल एक्स-रे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सीटी स्कैन, डिजिटल रेडियोग्राफी, विकिरण सुरक्षा, अत्याधुनिक मशीनों के संचालन एवं अस्पताल प्रबंधन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इतने लंबे अनुभव और तकनीकी दक्षता के बावजूद रेडियोग्राफर्स के लिए पदोन्नति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हैं। इससे कर्मचारियों में निराशा का वातावरण बन रहा है। जबकि अन्य विभागों में अनुभवी कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशासनिक पदों पर पदोन्नति प्रदान की जाती है।

संघ ने मांग की है कि 15 वर्ष या उससे अधिक सेवा पूर्ण कर चुके योग्य रेडियोग्राफर्स को सहायक प्रबंधक पद पर पदोन्नति का अवसर प्रदान किया जाए।

साथ ही रेडियोग्राफर्स के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी पदोन्नति नीति बनाकर उनके कैरियर उन्नयन का मार्ग प्रशस्त किया जाए।

संघ का कहना है कि अनुभवी रेडियोग्राफर्स को प्रशासनिक दायित्व मिलने से अस्पतालों में संसाधनों का बेहतर प्रबंधन होगा, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा तथा विभाग को उनके अनुभव का समुचित लाभ मिलेगा।

ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख सचिव तथा आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सहित संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।

संघ ने उम्मीद जताई है कि राज्य शासन इस लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर तकनीकी कर्मचारियों के हित में आवश्यक कदम उठाएगा।
दबंग इंडिया छिंदवाड़ा कन्हैया विश्वकर्मा