छिंदवाड़ा दबंग इंडिया
छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर बुधवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
एक बस और लहसुन से भरी पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में शामिल बस का नंबर MP28 P0321 बताया जा रहा है।
बस में सवार सभी यात्री मोहखेड़ ब्लॉक के करेर पंचायत के निवासी थे।
इस भीषण दुर्घटना में मौके पर ही 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चे सहित कुल 10 लोगों की मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना में घायल हुए 41 लोगों को जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
5 किलोमीटर तक लगा लम्बा जाम।
20 से ज्यादा एम्बुलेंस द्वारा
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा के पास हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया
दिवंगत व्यक्तियों के परिजन को 4-4 लाख और गंभीर रूप से घायलों को 1 – 1 लाख की सहायता राशि देने के निर्देश
मुख्यमंत्री से चर्चा उपरांत प्रभारी मंत्री
राकेश सिंह छिंदवाड़ा के लिए रवाना
भोपाल/छिंदवाड़ा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा के पास हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा जिला प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को घटना में प्रभावित लोगों से मिलने के लिये निर्देशित किया है।
जिसके बाद प्रभारी मंत्री सिंह अपने सभी कार्यक्रम परिवर्तित कर तत्काल छिंदवाड़ा के लिए रवाना हो गए हैं और सीधे जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों को दी जा रही राहत का जायजा लेंगे।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार की शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हृदय विदारक सड़क दुर्घटना हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की है कि सभी दिवंगत नागरिकों की आत्मा को शांति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। जबलपुर से डॉक्टर्स के दल पैरामेडिकल स्टाफ सहित छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर मृतकों के निकटम परिजनों को चार-चार लाख रूपये की सहायता राशि और गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायत राशि प्रदान की जाएगी।
सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। राजधानी भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में नियंत्रण कक्ष बनाकर सभी घायलों के उपचार की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
कमलनाथ व नकुलनाथ ने भीषण सड़क हादसे पर गहन दुख व्यक्त किया।
-दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान देने व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना की
छिन्दवाड़ा:- मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ ने भीषण सड़क दुर्घटना पर गहन दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने दिवंगत आत्मा को चरणों में स्थान देने व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है।
माननीय कमलनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि छिन्दवाड़ा-नागपुर नेशनल हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना दर्दनाक व पीड़ादायक है।
दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना की।
उन्होंने गहन दुख व्यक्त किया साथ ही शोकाकुल परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
नकुलनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि ग्राम चिखली के समीप बस दुर्घटना में अनेक लोगों के निधन की सूचना दुखद है।
दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना की।
शोकाकुल परिवारजनों को यह अपार दुख सहन करने की क्षमता प्रदान करें।
नकुलनाथ ने शासन व प्रशासन से आग्रहपूर्वक कहा कि पीड़ित परिवारजनों को तत्काल राहत राशि प्रदान करें साथ ही समस्त घायलों के समुचित व उचित उपचार की तत्काल व्यवस्था बनाएं।
ताकि घायलों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज प्राप्त हो।
सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल, जशपाल उर्फ रिंकू नैय्यर, नितिन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे।
समस्त कांग्रेसजन ने मोर्चा संभालते हुए घायलों के इलाल के लिए जिला अस्पताल प्रबंधन व प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की।
दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










