Home CITY NEWS ब्रेकिंग: 20 दिन बाद सूख जाएगा कन्हरगांव बांध, छिंदवाड़ा पर मंडराया भीषण...

ब्रेकिंग: 20 दिन बाद सूख जाएगा कन्हरगांव बांध, छिंदवाड़ा पर मंडराया भीषण जल संकट

ब्रेकिंग: 20 दिन बाद सूख जाएगा कन्हरगांव बांध, छिंदवाड़ा पर मंडराया भीषण जल संकट

छिंदवाड़ा शहर की लाइफलाइन दम तोड़ रही है, जनवरी-फरवरी में होगा हाहाकार, हजारों किसान बेहाल

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया। छिंदवाड़ा शहर की सबसे पुरानी और मुख्य पेयजल जीवन रेखा कन्हरगांव बांध अब अंतिम सांसें गिन रहा है। बांध में इतना कम पानी बचा है कि महज 20 दिन बाद ही यह पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इसके बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच जाएगी।

40 साल पुराना बांध, अब सूखा
कन्हरगांव जलाशय का निर्माण लगभग 35 से 40 वर्ष पूर्व, 1980 के दशक में किया गया था। तब से लेकर आज तक यही बांध छिंदवाड़ा शहर की प्यास बुझाता आ रहा है। इससे जुड़ी मुख्य नहरों और जल प्रणालियों से हजारों किसानों को सिंचाई का पानी भी मिलता है। बाद में जल संकट से निपटने के लिए इसे माचागोरा बांध के पानी से भी जोड़ा गया, लेकिन इस बार माचागोरा भी सहारा नहीं दे पा रहा।

बारिश ने दिया धोखा
इस बार क्षेत्र में बारिश न के बराबर हुई। लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले भी ऐसा ही संकट आया था, लेकिन इस बार हालात उससे भी ज्यादा खराब हैं। बांध क्षेत्र में पानी का भारी संकट पहले से ही दिखाई दे रहा है। अभी तो किसी तरह काम चल रहा है, लेकिन आने वाले जनवरी-फरवरी में छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पानी का भारी संकट पैदा हो जाएगा।

किसानों पर दोहरी मार
पेयजल के साथ-साथ सिंचाई के लिए भी कन्हरगांव पर ही निर्भर हजारों किसानों के सामने नया संकट खड़ा हो गया है। रबी की फसल के लिए पानी नहीं मिलेगा तो फसल सूख जाएगी। किसान पूछ रहे हैं – जब बांध में पानी ही नहीं है, तो हम खेती कैसे करेंगे? सरकार और प्रशासन अभी से कोई ठोस योजना नहीं बनाएगा तो आने वाले दिनों में हालात बेकाबू हो जाएंगे।

प्रशासन से मांग
क्षेत्र के लोगों की मांग है कि प्रशासन तुरंत माचागोरा से पानी छोड़ने, टैंकरों की व्यवस्था और नए जल स्रोतों की खोज पर काम शुरू करे। नहीं तो 20 दिन बाद छिंदवाड़ा को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ेगा।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा