छिंदवाड़ा दबंग इंडिया/ छिंदवाड़ा
वॉश ऑन व्हील्स की सफलता के बाद सुजल ग्राम – स्वच्छ ग्राम की संकल्पना को मजबूती देने जिले का एक और नवाचार
ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित संरचनाओं के नियमित रख-रखाव को सुनिश्चित करने की दिशा में जिला पंचायत छिंदवाड़ा द्वारा एक और अभिनव पहल की गई है।
आज अपने छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान जनपद पंचायत तामिया की ग्राम पंचायत भोड़ियापानी में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने “स्वच्छता साथी वॉश ऑन व्हील्स प्लस सेवा (WOW+)” का विधिवत शुभारंभ किया। यह नवाचार ग्रामीण विकास विभाग, जिला पंचायत छिंदवाड़ा द्वारा स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए प्रारंभ किया गया है।
वॉश ऑन व्हील्स प्लस (WOW+) सेवा के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में स्थित व्यक्तिगत एवं संस्थागत शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित संरचनाओं जैसे ओवरहेड टैंक की सफाई, नल-टोटी फिटिंग, बॉल वाल्व रिपेयरिंग तथा अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे, जिससे “सुजल ग्राम – स्वच्छ ग्राम” की संकल्पना को मजबूती मिलेगी।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत इस कार्यक्रम के प्रभावी संचालन हेतु जिले की सभी जनपद पंचायतों में क्लस्टर का गठन किया जा चुका है।
पहले से संचालित वॉश ऑन व्हील्स सेवा को और विस्तारित करते हुए अब वॉश ऑन व्हील्स प्लस (WOW+) को निरंतर रूप से लागू किया गया है। चयनित क्लस्टरों में स्वच्छता साथियों का चिन्हांकन कर उन्हें आधुनिक उपकरणों के साथ व्यक्तिगत सुरक्षा किट उपलब्ध कराई गई है।
इस सेवा में इलेक्ट्रिक एवं बैटरी ऑपरेटेड वॉशर मशीन, हेलमेट, चश्मा, मास्क, ग्लव्स, पीपीई किट, गमबूट, फिनाइल, वाइपर, मग, बाल्टी सहित आवश्यक संसाधन सम्मिलित किए गए हैं।
स्वच्छता साथी विशेष वाहनों के माध्यम से क्लस्टर की पंचायतों में पहुँचकर अत्याधुनिक मशीनों से जल जीवन मिशन की संरचनाओं की सफाई एवं रिपेयरिंग कार्य सुनिश्चित करेंगे।
वॉश ऑन व्हील्स प्लस (WOW+) सेवा अंतर्गत ओवरहेड टैंक सफाई हेतु 7,500 रुपये, नल बदलने हेतु 50 रुपये तथा वाल्व रिपेयरिंग हेतु 150 रुपये का सुविधा शुल्क निर्धारित किया गया है।
इस पहल से स्वच्छता साथियों को नियमित रोजगार के साथ-साथ अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी, जिससे उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल द्वारा 26 सितंबर 2024 को जिला पंचायत छिंदवाड़ा की “स्वच्छता साथी वॉश ऑन व्हील्स” सेवा का शुभारंभ किया गया था। यह नवाचार अपनी प्रभावी कार्यप्रणाली के कारण राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया तथा इसे प्रतिष्ठित फिक्की राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
नवाचार की सफलता को देखते हुए राज्य शासन द्वारा इस सेवा को प्रदेश के समस्त जिलों में लागू किया जा चुका है। वर्तमान में जिले में इस नवाचार के माध्यम से अब तक कुल 55,844 यूनिट (व्यक्तिगत एवं संस्थागत शौचालय) की सफाई की जा चुकी है। इस कार्य में संलग्न लगभग 50 स्वच्छता साथियों द्वारा 55 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की गई है। इसी सफल पहल को और आगे बढ़ाते हुए अब जिले में “वॉश ऑन व्हील्स प्लस (WOW+)” सेवा की शुरुआत की गई है, जो ग्रामीण स्वच्छता को नई दिशा प्रदान करेगी।
इस अवसर पर अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, राज्य भारिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश कुमार अंगारिया, शेषराव यादव, राज्य भारिया प्राधिकरण की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला भारती, जनपद अध्यक्ष श्रीमती तुलसा परतेती, सरपंच कुंवर लाल पचलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










