दो-दो ‘मलाईदार’ पदों पर एक ही अफसर का कब्जा! छिंदवाड़ा में DPC और DEO के दोहरे प्रभार से शिक्षा व्यवस्था बेपटरी, ऑनलाइन अटेंडेंस के बाद दफ्तरों के चक्कर काटकर हलकान हुए शिक्षक
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया । जिले के शिक्षा विभाग में प्रशासनिक ‘जुगाड़’ और दोहरे प्रभार की व्यवस्था ने पूरी कार्यप्रणाली को पंगु बना दिया है। एक ही अधिकारी के कंधों पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और जिला परियोजना समन्वयक (DPC) जैसे दो सबसे महत्वपूर्ण पदों का बोझ है। परिणामस्वरूप हजारों शिक्षक अपने जायज कामों के लिए ‘फुटबॉल’ बनकर रह गए हैं।
विभागीय गलियारों में चर्चा है कि जे.के. इरपाची के पास वर्तमान में DPC और DEO दोनों पदों का प्रभार है। DPC के प्रभार में रहते हुए उन्हें लंबा अरसा बीत चुका है। दोनों कार्यालयों में काम के भारी दबाव के कारण न समय पर फाइलें आगे बढ़ रही हैं, न लंबित मामलों का निराकरण हो रहा है।
ऑनलाइन अटेंडेंस लगाकर शाम को भागते हैं शिक्षक, दफ्तर में मिलते नहीं साहब!
सख्त नियमों के चलते शिक्षक दिन में स्कूल छोड़कर कार्यालय नहीं जा सकते। दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों के शिक्षक शाम को छुट्टी के बाद ऑनलाइन अटेंडेंस लगाकर, सैकड़ों रुपये किराया खर्च कर एरियर्स, क्रमोन्नति, अवकाश स्वीकृति जैसे काम निपटाने जिला मुख्यालय भागते हैं। DPC कार्यालय में जवाब मिलता है – “साहब अभी DEO कार्यालय में हैं।” DEO कार्यालय पहुंचने पर बैठकों के चलते मुलाकात नहीं हो पाती और शिक्षक खाली हाथ लौट जाते हैं।
सवालों के घेरे में विभाग – क्या पूरे जिले में कोई दूसरा ‘योग्य’ नहीं?
शिक्षक संघों और प्रबुद्धजनों के बीच बहस है कि क्या छिंदवाड़ा जैसे बड़े जिले में कोई अन्य काबिल, अनुभवी प्राचार्य या वरिष्ठ शिक्षक नहीं बचा, जिसे किसी एक पद की स्वतंत्र कमान सौंपी जा सके?
अब देखना होगा कि वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस अव्यवस्था पर संज्ञान लेते हैं या शिक्षक यूं ही “साहब यहां नहीं, वहां हैं” के फेर में चप्पलें घिसते रहेंगे।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










