कृष्ण भक्ति के रंग में रंगेगा छिंदवाड़ा: जिला गौली समाज जन्माष्टमी पर आयोजित करेगा भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया/ छिंदवाड़ा। इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जिलेवासियों के लिए बेहद खास और यादगार बनने जा रहा है। पर्व को भव्य रूप से मनाने के लिए जिला गौली समाज द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। समाज के दो प्रमुख धार्मिक केंद्रों—परासिया रोड स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर (पुराना आरटीओ ऑफिस के पास) और जुन्नारदेव स्थित पहली पायरी मंदिर—में विशेष पूजन और धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
4 सितंबर को छिंदवाड़ा में निकलेंगी भव्य शोभायात्रा
गौली समाज द्वारा जारी कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार:
- हवन-पूजन: 4 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को परासिया रोड स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में प्रातः 9:00 से 10:00 बजे तक विशेष हवन, पूजन एवं आरती होगी।
- शोभायात्रा: प्रातः 11:00 बजे पुलिस ग्राउंड से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट ऑफिस के सामने स्थित मैदान पर समाप्त होगी।
- सांस्कृतिक व भजन संध्या: दोपहर 1:00 बजे से कलेक्ट्रेट मैदान पर भव्य भजन-संगीत और कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा।
जुन्नारदेव में रहेगी झांकियों और मंडलों की धूम
जुन्नारदेव में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 4 सितंबर 2026 को सत्ता स्थापना की जाएगी। अगले दिन संध्या को सत्ता का समापन होगा तथा मध्यरात्रि 12:00 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। जुन्नारदेव में आकर्षक झांकियों और मंडलों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
जिला गौली समाज ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से इन सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










