सरकारी आदेशों को ठेंगा: छिंदवाड़ा के सरकारी दफ्तरों में अब तक नहीं लहराया तिरंगा
9 से 17 अगस्त तक चलना है ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, भोपाल से जारी निर्देश के बाद भी जिले में प्रशासनिक सुस्ती हावी
दबंग इंडिया / कन्हैया विश्वकर्मा
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश शासन द्वारा पूरे प्रदेश में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। राजधानी भोपाल से हर विभाग को इस संबंध में सख्त आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन छिंदवाड़ा जिले में प्रशासनिक अमला इस अभियान को लेकर पूरी तरह बेपरवाह नजर आ रहा है।
आलम यह है कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के कई सरकारी दफ्तरों में अब तक तिरंगा नहीं फहराया गया है।
आदेश दरकिनार, दफ्तरों में छाया सन्नाटा
भारत सरकार और राज्य शासन के निर्देशानुसार इस दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का गौरवशाली उत्सव भी धूमधाम से मनाया जाना है।
इसके तहत शहर से लेकर गांव-गांव तक सांस्कृतिक, शैक्षणिक और देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। परंतु, छिंदवाड़ा के सरकारी महकमों में मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन होता नहीं दिख रहा। अभियान शुरू हुए दिन बीत चुके हैं, लेकिन दफ्तरों में अभियान से जुड़ी तैयारियों का अभाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
जनता में उत्साह, पर सिस्टम सुस्त
एक तरफ जहां आम जनता में स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदारी संभालने वाले सरकारी विभाग ही इस राष्ट्रीय आयोजन के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं।
भोपाल से जारी गाइडलाइन का पालन न होना सीधे तौर पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।
अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारी नींद से जागते हैं या यह लापरवाही ऐसे ही जारी रहती है।
बड़ा सवाल कैसे सफल हो पाएगा मध्य प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा








