Home CITY NEWS छिंदवाड़ा के शासकीय स्कूलों के 41 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा में...

छिंदवाड़ा के शासकीय स्कूलों के 41 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा में लहराया परचम, संख्या और बढ़ने का अनुमान

छिंदवाड़ा के शासकीय स्कूलों के 41 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा में लहराया परचम, संख्या और बढ़ने का अनुमान

छिंदवाड़ा कलेक्टर ने दी बधाई, विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को किया सम्मानित

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा / छिंदवाड़ा जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की पहल और प्रयासों से जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा में परचम लहराकर सफलता की एक नई इबारत लिख दी है। अभी तक प्राप्त परीक्षा परिणाम के अनुसार शासकीय विद्यालयों के 41 विद्यार्थियों ने नीट 2026 की परीक्षा में सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि मजबूत संकल्प, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा घोषित परिणामों में अब तक प्राप्त 110 रिजल्ट में 41 विद्यार्थी सफल हुए हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि अंतिम आंकड़ा आने पर यह संख्या और बढ़ सकती है।

निंबाड़ा जिला प्रशासन की पहल बनी सफलता की नींव – पिछले दो वर्षों से जिला प्रशासन ने सरकारी विद्यालयों में जेईई एवं नीट की विशेष तैयारी का अभिनव मॉडल शुरू किया।

नियमित पढ़ाई के साथ अंतिम दो पीरियड प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निर्धारित किए गए, जहां विषय विशेषज्ञ शासकीय शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाते हैं।
इसके साथ ही प्रतिमाह ऑनलाइन टेस्ट, प्रतिदिन अभ्यास परीक्षा, परिणामों का विश्लेषण, व्हाट्सएप के माध्यम से अध्ययन सामग्री तथा एलेन इंदौर के निःशुल्क स्टडी मटेरियल ने विद्यार्थियों की तैयारी को नई दिशा दी।

छिंदवाड़ा कलेक्टर ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह – आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सभी जिला अधिकारियों की उपस्थिति में इन सफल विद्यार्थियों का सम्मान किया ।

सफल विद्यार्थियों का सम्मान करते हुए कलेक्टर नारायन और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार ने पुष्पगुच्छ एवं चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर अभिभावकों और शिक्षकों का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

   विद्यार्थियों की इस सफलता पर कलेक्टर  नारायन एवं सीईओ जिला पंचायत  कुमार के साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इड़पाचे ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनांए प्रेषित की, वहीं इस सफलता पर सहायक संचालक  डी.पी. डेहरिया,  पी.एल. मेश्राम, उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य आर.साहू एवं पूर्व प्राचार्य  ए.काले ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए हर्ष व्यक्त किया। 

इस सफलता से शासकीय विद्यालय के शिक्षकों में आत्मविश्वास बढ़ा है, वहीं विद्यार्थियों में उत्साह व्याप्त है।

सरकारी स्कूलों के सितारे – इस वर्ष नीट की परीक्षा में सरकारी स्कूलों के कई विद्यार्थियों ने शानदार अंक अर्जित किए। भाग्यश्री डाले (शासकीय हाई स्कूल बिजौरी) ने 529 अंक, तनिष्क साबले (उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा) ने 464 अंक, स्वर्ण मायती (उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा) ने 436 अंक और इनके अलावा अनेक विद्यार्थियों ने 400 से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

पूरे जिले में सफलता की गूंज – टीम वर्क से मिली यह सफलता जिले के किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग अलग ब्लॉक के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने यह
सफलता प्राप्त कर एक मिसाल पेश की है।
इन सफल 41 विद्यार्थियों में –
छिंदवाड़ा ब्लॉक – 17
बिछुआ ब्लॉक – 5
परासिया ब्लॉक – 5
हर्रई ब्लॉक – 4
मोहखेड़ ब्लॉक – 3
चौरई ब्लॉक – 2
तामिया ब्लॉक – 2
पांढुर्णा ब्लॉक– 2
सौंसर ब्लॉक – 1 विद्यार्थी
ने सफलता प्राप्त कर अपने विद्यालयों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

    छिंदवाड़ा ब्लॉक के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा के श्रेया बरपेटे, तनिष्क साबले, स्वर्ण मायती, दिव्यांशी जैन, अंजली सूर्यवंशी, ऋषभ सूर्यवंशी, गगन विश्वकर्मा, आकांक्षा आठनेरिया, अर्चित साहू, लक्ष्मी विश्वकर्मा, ऋषिकेश नारेकर व हिमानी घोरसे, शास. हाइयर सेकेंडरी स्कूल अतरवाडा से शिवानी चंद्रवंशी व अंशुल सोनी, सांदीपनि विद्यालय गुरैया से सक्षम सिंह ठाकुर व लायबा सिद्दकी और पीएमश्री शासकीय कन्या हाइयर सेकेंडरी स्कूल कैलाशनगर से सहजल भलावी ने सफलता प्राप्त की है।
   ब्लॉक बिछुआ के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बिछुआ के आयुष पाठे, प्रिया ढोके व नेकी चौधरी, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिंगारदीप की ज्योति धुर्वे और अंजनी मरावी ने सफलता प्राप्त की है।
   परासिया ब्लॉक के अंतर्गत पीएमश्री हाइयर सेकेंडरी स्कूल उमरेठ से लक्ष पवार, हाइयर सेकेंडरी स्कूल मॉडल परासिया से गीतिका बघेल व कुमकुम साहू और हाइयर सेकेंडरी स्कूल कन्हारगांव से अरविंद विश्वकर्मा व प्रशांत गोनेकर ने नीट में सफलता पाई है।
   इसी प्रकार हर्रई ब्लॉक के अंतर्गत हायर सेकेंडरी मॉडल स्कूल हर्रई के आदित्य साहू व प्रिया बारसिया और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय हर्रई की शक्ति डेहरिया व समीक्षा कौरव ने सफलता पाई है। मोहखेड़ ब्लॉक के अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उमरानाला के एंजल कंजरीकर, शास. हायर सेकेंडरी स्कूल सारंगबिहारी की सोनाली माटे व हायर सेकेंडरी स्कूल कामठी की शिवानी बननाईत ने सफलता पाई है। तामिया ब्लॉक के अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिजोरी की भाग्यश्री डाले व सांदीपनि विद्यालय तामिया के तनिष्क बुनकर ने और चौरई ब्लॉक के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चौरई की पूर्वी वर्मा व हायर सेकेंडरी स्कूल पांजरा की रीना वर्मा ने सफलता पाई है। इसी तरह संदीपनि विद्यालय पांढुर्णा की एकता कोल्हे व रितु धुर्वे और संदीपनि विद्यालय सौंसर की श्रद्धा ढोबले ने सफलता पाई है।

लगातार बेहतर हो रहे परिणाम – छिंदवाड़ा का यह मॉडल केवल एक वर्ष की उपलब्धि नहीं है, बल्कि सतत प्रयासों का परिणाम है। सत्र 2024-25 में जेईई में 43 तथा नीट में 82 विद्यार्थी सफल हुए। सत्र 2025-26 में जे ई ई मेंस में 50 विद्यार्थी सफल हुए, जिनमें 20 विद्यार्थियों ने जे ई ई एडवांस के लिए पात्रता प्राप्त की। इसी वर्ष नीट में 35 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।
अब नीट यू जी 2026 में शासकीय विद्यालयों के 41 विद्यार्थी सफलता का परचम लहरा चुके हैं और अंतिम संख्या बढ़ने की संभावना है।

शिक्षा के क्षेत्र में बन रहा रोल मॉडल – जिले की यह पहल प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों के लिए रोल मॉडल बन रही है। पूर्व में भी इसे राज्य स्तर से सराहना मिल चुकी है। जिला शिक्षा विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सत्र 2026-27 में भी सभी शासकीय विद्यालयों में जेईई एवं नीट की विशेष कक्षाओं का संचालन पहले से अधिक प्रभावी तरीके से किया जाएगा। नियमित मॉनिटरिंग, ऑनलाइन मूल्यांकन और विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के माध्यम से अधिकाधिक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

सफलता का संदेश – छिंदवाड़ा के सरकारी विद्यालयों के इन 41 विद्यार्थियों की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा केवल बड़े शहरों या महंगे कोचिंग संस्थानों तक सीमित नहीं होती। यदि प्रशासन की सकारात्मक पहल, शिक्षकों का समर्पण, अभिभावकों का सहयोग और विद्यार्थियों की मेहनत साथ आ जाए, तो सरकारी स्कूल भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम दे सकते हैं।
यह उपलब्धि केवल 41 विद्यार्थियों की सफलता नहीं, बल्कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते विश्वास, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की एक प्रेरणादायक मिसाल है।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा