सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर वेतन काटने के निर्देश
जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी भवनों और पानी की टंकियों को नियमानुसार डिस्मेंटल करने के निर्देश
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया/ छिंदवाड़ा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली।
बैठक में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम सुधीर जैन, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत पी. राजौदिया सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला मुख्यालय के अतिरिक्त सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।
लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा –
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम ऑफिस, सीएम हाउस, जनआकांक्षा, न्यायालयीन प्रकरणों तथा विभिन्न आयोगों के लंबित पत्रों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय-सीमा के भीतर शिकायतों और प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निराकृत पत्रों के जवाब सभी संबंधित को प्रेषित कर दिये जायें।
नॉट अटैंडेड शिकायतों पर नाराजगी – सीएम हेल्पलाइन में 17 शिकायतों के नॉट अटेंडेड पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही पुनरावृत्ति करने वाले अधिकारियों का वेतन काटने के लिए निर्देशित किया है।
उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी इन्हें गंभीरता से लें।
संकल्प से समाधान’ अभियान की समीक्षा – राज्य शासन द्वारा सभी पात्र हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिये संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है।
बैठक में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने तिथिवार शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक नागरिकों से आवेदन प्राप्त करने और उन्हें पात्रता अनुरूप योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर योजनाओं का शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करना है।
जर्जर भवनों में स्कूल-आंगनबाड़ी संचालन पर सख्ती
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी जर्जर भवन में स्कूल या आंगनबाड़ी संचालित न किए जाएं। इसी तरह सभी स्कूलों की बाउंड्री वॉल की हालत भी देख ली जाए।
उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं संबंधित पंचायतों को जर्जर पानी की टंकियों को भी शीघ्र डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अन्य सभी विभागों को भी निर्देशित किया है कि शासकीय कार्यालयों का संचालन सुरक्षित बिल्डिंग में ही किया जाए।
इस संबंध में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं।
निर्माण कार्यों में सुरक्षा और गुणवत्ता पर जोर कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को निर्देशित किया है कि जहां भी पुलिया निर्माण या अन्य किसी भी निर्माण कार्यों के लिए गड्ढे आदि किए जाएं, तो वहां समुचित बैरिकेडिंग और रिफ्लैक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
आपकी थोड़ी सी लापरवाही से किसी भी व्यक्ति के साथ दुखद हादसा हो सकता है।
किसी भी तरह की दुर्घटना की स्थिति में संबंधित निर्माण विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कलेक्टर ने लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यों पर जताई नाराज़गी – कलेक्टर नारायन ने निरीक्षण कर्ता अधिकारियों से रेस्टोरेशन कार्य की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिये।
जिसमें सामने आया कि लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन द्वारा अभी भी सभी साइट्स पर गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं कराया गया है।
कलेक्टर ने रेस्टोरेशन कार्यों की निम्न गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार को कार्य की स्थिति सुधारने की शक्ति चेतावनी दी, साथ ही नगर निगम छिंदवाड़ा को अपने इंजीनियरों से सभी निर्माण साइट्स की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए।
नर्सिंग कॉलेज की शिकायत पर त्वरित संज्ञान –
मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंची नर्सिंग छात्राओं ने एस ए के नर्सिंग कॉलेज द्वारा अब तक परीक्षा आयोजित नहीं कराने की शिकायत की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कॉलेज पहुंचकर दस्तावेजों की त्वरित जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
1 मार्च से पेंशन प्रकरणों का निराकरण राज्य स्तर से –
जिला पेंशन अधिकारी श्रीमती हीरावती उईके ने बैठक में जानकारी दी कि राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 मार्च 2026 से जिला पेंशन कार्यालयों की डीडीओ पावर समाप्त की जा रही है।
अब पेंशन एवं ग्रेच्युटी प्रकरणों का निराकरण सीधे राज्य स्तर पर स्थापित केंद्रीय सेल द्वारा किया जाएगा।
आगे से सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही संपन्न होंगी। पीपीओ भी ई प्रारूप में सीधे ईमेल और व्हाट्सएप पर प्राप्त होंगे।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ शासकीय सेवकों की संपूर्ण जानकारी शीघ्रता से ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट कराएं। भविष्य में किसी भी प्रकार की त्रुटिपूर्ण जानकारी के लिए संबंधित डीडीओ की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस संबंध में सभी डीडीओ के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शीघ्र आयोजित किए जाएंगे।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा








