छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा
छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय से महज 25 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत खापा कला में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खेत में शेर (तेंदुआ/हिंसक वन्यप्राणी) की मौजूदगी की खबर सामने आई। शेर की दहाड़ सुनने के बाद क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
खेत में काम करते समय आई दहाड़
मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:00 बजे ग्रामीण किसान अपने खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान मुन्ना जीत पटेल के खेत के पास से अचानक शेर की तेज दहाड़ सुनाई दी।
आवाज इतनी नजदीक थी कि खेत में मौजूद किसान डर के मारे अपने औजार छोड़कर गांव की ओर भाग खड़े हुए।
ग्राम सरपंच ने दी जानकारी
ग्राम पंचायत खापा कला के सरपंच राहुल वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शेर की मौजूदगी की सूचना के बाद से ही पूरे इलाके में डर का माहौल है। उन्होंने बताया कि जिस क्षेत्र में शेर देखा गया है, वहां आसपास कई किसानों के खेत हैं और शाम के समय लोग अक्सर वहां काम करते हैं। सरपंच ने तत्काल इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी है ताकि कोई अनहोनी न हो।
ग्रामीणों में डर, वन विभाग को सूचना
खेतों में हिंसक वन्यप्राणी की दस्तक से किसान अब अपने खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और वन्यप्राणी को पकड़ने या खदेड़ने के उचित इंतजाम किए जाएं।
सावधानी की अपील: सरपंच
पंचायत द्वारा ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि रात के समय अकेले खेतों की ओर न जाएं और समूह में रहें।
दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










