34 करोड़ 65 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन तथा 12 करोड़ 66 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया/ छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह 17 सितंबर 2025 को जिले में आयोजित विविध कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मेगा हेल्थ शिविर का करेंगे शुभारंभ- प्रभारी मंत्री श्री सिंह सुबह 10.30 बजे दशहरा मैदान (पोला ग्राउंड) छिंदवाड़ा में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘ मेगा हेल्थ कैंप ‘ एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ करेंगे, जहां दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा जाएगा।
चंदनगाव में पौधारोपण कर सम्मान समारोह में होंगे शामिल – मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ करने के बाद प्रभारी मंत्री श्री सिंह नगर निगम जोन कार्यालय चंदनगांव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण करेंगे तथा एफडीडीआई ऑडिटोरियम हॉल, नागपुर रोड छिंदवाड़ा में पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय पीजी कॉलेज के दीक्षा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
34 करोड़ 65 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन तथा 12 करोड़ 66 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण करेंगे –
प्रभारी मंत्री सिंह विधानसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा में लोक निर्माण विभाग द्वारा देव होटल के सामने नवनिर्मित अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय छिंदवाड़ा का लोकार्पण एवं संयुक्त तहसील कार्यालय भवन छिंदवाड़ा नगर का भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र चौरई अन्तर्गत जनपद पंचायत चौरई, नगरपालिका परिषद चौरई एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इनमें लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित कार्यों अन्तर्गत गोपालपुर से जमुनिया मार्ग निर्माण, कुण्डा सागर–किरंगीपार–कपुरदा –सर्रा मार्ग विशेष मजबूतीकरण, गुरैया–लिखड़ी–लुहारा–तुमड़ा–बाम्हनवाड़ा मार्ग विशेष मजबूतीकरण कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। साथ ही विश्व बैंक परियोजना अंतर्गत विकासखंड बिछुआ में महाविद्यालय का विस्तार एवं नवीनीकरण, नवीन आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास कुंडा तथा बादगांव स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के सुदृढ़ीकरण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। प्रभारी मंत्री सिंह आज अपने भ्रमण के दौरान कुल मिलाकर जिले में लगभग 34 करोड़ 65 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन तथा 12 करोड़ 66 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण कर जिले को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










