Home CITY NEWS जनपद पंचायत के अधिकारियों की शिकायत लेकर सांसद कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

जनपद पंचायत के अधिकारियों की शिकायत लेकर सांसद कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती सांसद निधि: छिंदवाड़ा जनपद में ‘कमीशन’ का खेल उजागर!

छिंदवाड़ा | दबंग इंडिया (कन्हैया विश्वकर्मा) छिंदवाड़ा जनपद पंचायत इन दिनों विकास कार्यों के लिए नहीं, बल्कि अपनी कार्यप्रणाली और अधिकारियों की कथित ‘रिश्वतखोरी’ को लेकर विवादों के घेरे में है। ताजा मामला ग्राम पंचायत केवलारी का है, जहाँ विकास की फाइलें टेबल-दर-टेबल नहीं, बल्कि ‘लेन-देन’ के हिसाब से सरक रही हैं।

कलामंच बनकर तैयार, लेकिन भुगतान पर ‘ब्रेक’

सांसद निधि से ग्रामीणों के लिए कलामंच की सौगात तो मिली, लेकिन वह अब अधिकारियों की मनमानी की भेंट चढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि:

  • सांसद द्वारा स्वीकृत 2 लाख रुपये की राशि से कलामंच बनकर तैयार हो चुका है।
  • अंतिम किस्त के रूप में मिलने वाली 80 हजार रुपये की राशि को जनपद के दो अधिकारियों ने रोक रखा है।
  • आरोप है कि अधिकारी इस राशि को जारी करने के बदले कमीशन (रिश्वत) की मांग कर रहे हैं।

फाइल की ‘टालमटोल’ और कमीशन का नेटवर्क

सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आई है कि छिंदवाड़ा जनपद की 59 ग्राम पंचायतों में पिछले एक साल से ‘कमीशन का खेल’ चरम पर है।

“अगर अधिकारियों की जेब गरम न हो, तो फाइलों को जानबूझकर तकनीकी खामी बताकर एक-दूसरे पर टाला जाता है। सरपंच और सचिव इस कार्यसंस्कृति से इस कदर परेशान हैं कि अब उन्होंने सीधे सांसद का दरवाजा खटखटाया है।”

सांसद विवेक बंटी साहू से गुहार

केवलारी के ग्रामीणों और क्षेत्र के कई सरपंचों ने मिलकर सांसद विवेक बंटी साहू से इस भ्रष्टाचार की लिखित शिकायत की है। ग्रामीणों ने बताया कि “काम देखने” के बहाने अधिकारी न केवल परेशान कर रहे हैं, बल्कि जनता के पैसे पर अपना हक जमा रहे हैं।

जनपद पंचायत में पनप रहा यह भ्रष्टाचार अब चर्चा का विषय बन गया है। देखना यह होगा कि सांसद इन ‘रिश्वतखोर’ अधिकारियों पर क्या एक्शन लेते हैं और केवलारी के ग्रामीणों को कब तक उनके हक का भुगतान मिल पाता है।

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया