छिंदवाड़ा परासिया में 17 सितंबर को मनाया जाएगा भगवान विश्वकर्मा महोत्सव
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया: विश्वकर्मा समाज परासिया के तत्वावधान में इस वर्ष भगवान विश्वकर्मा महोत्सव 17 सितंबर को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
दिनभर चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित होगी।
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत प्रातः 10 बजे सुहागन सौभाग्य पूजा से होगी, जो पंडित जी द्वारा कराई जाएगी। इसके बाद प्रातः 11 बजे 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
दोपहर 12:30 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरेगी।
अपराह्न 4 बजे हवन-पूजन होगा और संध्या 5 बजे मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह होगा, जिसमें 10वीं और 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
शाम 6 से रात 10 बजे तक भोजन प्रसादी और रात्रि 7:30 बजे से रंगारंग जागरण प्रस्तुति होगी।
समारोह के मुख्य आकर्षण
इस बार का महोत्सव कई विशेष प्रस्तुतियों से सजा होगा। आदिवासी भाइयों द्वारा पारंपरिक ढोल पर शैला नृत्य, महिलाओं द्वारा आतिशबाजी के साथ हरियाली महोत्सव और झूला-झूलना, विश्वकर्मा ब्रदर्स परासिया द्वारा भक्तिमय जागरण, दुर्गा वाहिनी सेना (श्रीमती किरण शर्मा ग्रुप) द्वारा वीरता भरा तलवार-लाठी प्रदर्शन तथा प्रसिद्ध गिरिश विश्वकर्मा रामायणी द्वारा रामकथा वाचन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे सांसद और विधायक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता परासिया विधायक सोहन लाल वाल्मिक करेंगे।
विश्वकर्मा समाज के स्वजातीय बंधुओं ने सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










