मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में कलेक्टर का एक्शन : निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदार और अधिकारियों को लगाई फटकार, कई को नोटिस
छिंदवाड़ा (दबंग इंडिया)
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन शुक्रवार को एक्शन मोड में नजर आए। फील्ड निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था और निर्माण कार्यों में लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने ठेकेदार सहित कई अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गत 07 अगस्त को छिंदवाड़ा से शुरू किए गए इस अभियान के तहत आज कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार की संयुक्त टीम ने छिंदवाड़ा विकासखंड के ग्रामों का सघन दौरा किया।
चार गांवों में किया जमीनी निरीक्षण
टीम ने सबसे पहले ग्राम अतरवाड़ा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण आहार वितरण और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
ग्राम भानादेई में शासकीय उचित मूल्य दुकान पर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई।
सबसे सख्त रुख ग्राम पिंडरईकला में देखने को मिला। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता देखी गई। साथ ही निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य भवन के कार्य में भारी लापरवाही और देरी पर कलेक्टर ने ठेकेदार और संबंधित इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान जनप्रतिनिधि शेषराव यादव, अजय सक्सेना भी मौजूद रहे।
सुसरई में लगा जन-संवाद शिविर
अंत में पूरी टीम ग्राम पंचायत सुसरई पहुंची। यहां शिविर लगाकर जिलेभर से आए अधिकारियों ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। शिकायतकर्ता के नहीं पहुंचने और कई विभागों में अव्यवस्था मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में 30 आवेदन लेकर पहुंचे हितग्राही।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










