Home CITY NEWS अब ग्रामीण परिवारों को मिलेगा 125 दिवस का रोजगार, ग्रामों के समग्र...

अब ग्रामीण परिवारों को मिलेगा 125 दिवस का रोजगार, ग्रामों के समग्र विकास को मिलेगी नई गति

व्हीबी-ग्राम-जी योजना का जिले में भव्य शुभारंभ

अब ग्रामीण परिवारों को मिलेगा 125 दिवस का रोजगार, ग्रामों के समग्र विकास को मिलेगी नई गति

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया /विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा लागू “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन–ग्रामीण (व्हीबी-ग्राम-जी) अधिनियम, 2025” का राष्ट्रीय स्तर पर आज शुभारंभ किया गया।

इसी क्रम में जिले का शुभारंभ कार्यक्रम जनपद पंचायत छिंदवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत केवलारी के ग्राम थांवरीखुर्द में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छिंदवाड़ा, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, परियोजना अधिकारी मनरेगा सहित जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी ग्राम सरपंच ,सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण एलईडी के माध्यम से ग्रामीणों को दिखाया गया।

उपस्थित ग्रामीणों ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण के उद्देश्य, प्रावधानों एवं लाभों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा कपिलधारा कूप निर्माण कार्य (लागत 3.50 लाख रुपये) तथा मिनी परकुलेशन टैंक निर्माण कार्य (लागत 2.00 लाख रुपये) का भूमिपूजन किया गया।

साथ ही योजना अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

  इस अवसर पर कलेक्टर  हरेंद्र नारायन ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि व्हीबी-ग्राम-जी योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्रामों का समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि योजना के सभी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे प्रत्येक पात्र परिवार इसका अधिकतम लाभ प्राप्त कर सके।

उन्होंने ग्रामीणों से योजना के अधिकारों एवं प्रावधानों की जानकारी प्राप्त करने तथा विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
कलेक्टर नारायन ने कहा कि इस नई व्यवस्था के लागू होने से ग्रामीण परिवारों को अब पूर्व की अपेक्षा अधिक रोजगार उपलब्ध होगा।

पहले पात्र परिवारों को 100 दिवस का रोजगार मिलता था, जबकि अब इस योजना के अंतर्गत 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों की आजीविका सुदृढ़ होगी तथा आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार ने अपने उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना का विकास, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने ग्रामीणों से योजना में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा ग्राम विकास कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने योजना के नवीन प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि व्हीबी-ग्राम-जी के माध्यम से रोजगार सृजन के साथ-साथ जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, कृषि आधारित परिसंपत्तियों का निर्माण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास तथा आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण कर ग्रामीण विकास को नई दिशा देना है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा