Home CITY NEWS छिंदवाड़ा शहर के आसपास अवैध कॉलोनी का मायाजाल

छिंदवाड़ा शहर के आसपास अवैध कॉलोनी का मायाजाल

शहर के इर्द-गिर्द बिछा अवैध कॉलोनियों का जाल, रसूखदारों के संरक्षण में जनता से हो रही खुली धोखाधड़ी

छिंदवाड़ा दबंग इंडिया ​/छिंदवाड़ा शहर की सरहदों पर इन दिनों अवैध कॉलोनियों का कारोबार अपने चरम पर है। प्रॉपर्टी डीलरों ने शहर के चारों ओर कृषि भूमि पर बिना किसी वैध अनुमति के प्लॉट काटने का खेल शुरू कर दिया है।
छिंदवाड़ा प्रशासन के नियमों को ताक पर रखकर विकसित की जा रही इन कॉलोनियों में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNCP) और रेरा (RERA) के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल रसूखदार नेताओं और विभाग के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के संरक्षण में चल रहा है, जिसके कारण शिकायतों के बावजूद इन भू-माफियाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।

​इन कॉलोनियों में निवेश करने वाले आम लोग अब खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। प्लॉट बेचते समय प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा पक्की सड़क, बिजली, पानी और ड्रेनेज जैसी सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री होते ही डीलर अपने वादों से मुकर गए। आज इन कॉलोनियों में न तो नालियां हैं और न ही बिजली के पुख्ता इंतजाम। बारिश के मौसम में सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं, जिससे स्थानीय निवासियों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।

मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं, जबकि डीलर नया प्रोजेक्ट शुरू कर दूसरे लोगों को अपना शिकार बनाने में जुटे हैं।

​धोखाधड़ी का आलम यह है कि कई जगहों पर सरकारी जमीन या विवादित भूमि पर भी प्लॉट काटकर बेच दिए गए हैं। मध्यमवर्गीय परिवार अपने जीवन भर की पूंजी लगाकर आशियाने का सपना देखते हैं, लेकिन बाद में उन्हें पता चलता है कि उनकी कॉलोनी अवैध है और वहां भवन निर्माण की अनुमति मिलना भी मुश्किल है। इस मामले में जिला प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

यदि समय रहते इन अवैध कॉलोनाइजर्स पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो आने वाले समय में यह शहर के नियोजित विकास के लिए बड़ा खतरा बन जाएगा और सैकड़ों परिवारों की मेहनत की कमाई डूब जाएगी।

देखिए आगे की खबर मे कौन-कौन सी कॉलोनी हैअवैध
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया
कन्हैया विश्वकर्मा
7566756778