हाट बाजार का अवलोकन कर स्वयं जैविक व प्राकृतिक उत्पाद खरीदे, किसानों से किया सीधा संवाद
अब हर शनिवार सुबह 10 बजे एक ही स्थान पर मिलेंगे शुद्ध जैविक व प्राकृतिक उत्पाद
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया / छिंदवाड़ा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश के प्रत्येक जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा आम नागरिकों को शुद्ध, विषरहित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साप्ताहिक जैविक प्राकृतिक हाट बाजार प्रारंभ किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज छिंदवाड़ा जिले में गुरैया सब्जी मंडी परिसर में साप्ताहिक जैविक प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ प्रदेश के लोक निर्माण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह द्वारा किया गया।
शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने हाट बाजार में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से सीधे संवाद किया।
प्रभारी मंत्री की प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों के प्रति विशेष रुचि इस बात से स्पष्ट हुई कि उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर स्वयं प्राकृतिक खेती से उत्पादित सेमी, पपीता, जैविक गुड़, चना, घुइयां के पत्ते, कुटकी, देशी लौकी सहित अनेक उत्पाद खरीदे।
इसके साथ ही उन्होंने अपने मोबाइल फोन से यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर खरीदे गए उत्पाद का भुगतान भी किया।
इस अवसर पर अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, महापौर नगर निगम छिंदवाड़ा विक्रम अहके, शेषराव यादव,भारिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश अंगारिया , विजय पांडे, टीकाराम चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, उप संचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
उप संचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साप्ताहिक जैविक प्राकृतिक हाट बाजार का मुख्य उद्देश्य जिलेवासियों को एक निर्धारित स्थान एवं निश्चित दिन पर शुद्ध, विषरहित अनाज, दालें, मिलेट्स (श्रीअन्न), विभिन्न प्रकार की सब्जियां, फल, जैविक वनउपज, कच्ची घानी का शुद्ध तेल, शहद, जैविक गुड़ सहित अनेक जैविक उत्पाद सहज रूप से उपलब्ध कराना है।
साथ ही जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अपने उत्पादों के विक्रय हेतु एक स्थायी एवं सुनिश्चित विपणन मंच प्रदान करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि आज आयोजित पहले जैविक / प्राकृतिक हाट बाजार में जिले के पंजीकृत 50 किसानों द्वारा अपने उत्पाद विक्रय हेतु लाए गए थे। शहरवासियों ने बड़ी उत्सुकता के साथ जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों की खरीदारी की। स्थिति यह रही कि शाम 5 बजे तक लगभग सभी किसानों के अधिकांश उत्पाद विक्रय हो गए। आज कुल 261 नागरिकों द्वारा जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद खरीदे गए। वहीं नरसिंहपुर जिले से आए किसानों के जैविक गुड़ एवं तुअर दाल की भी विशेष रूप से अच्छी बिक्री हुई।
हाट बाजार में जैविक सब्जियां, जैविक फल, जैविक अनाज, मिलेट्स (ज्वार, बाजरा, मक्का), जैविक दालें, कच्ची घानी का तेल, जैविक गुड़, जैविक हल्दी, शुद्ध प्राकृतिक घी, शहद, मशरूम, चिया सीड्स, वनोपज, वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत एवं जैविक कीटनाशक सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध कराए गए।
यह साप्ताहिक जैविक प्राकृतिक हाट बाजार अब प्रत्येक शनिवार को प्रातः 10 बजे से गुरैया सब्जी मंडी, छिंदवाड़ा में आयोजित किया जाएगा।
इससे जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा शहरवासियों को शुद्ध अनाज, सब्जियां एवं फल एक ही स्थान पर नियमित रूप से उपलब्ध हो सकेंगे।
प्रभारी मंत्री सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी दो वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी
राज्य के साथ-साथ प्रभारी मंत्री सिंह ने छिंदवाड़ा जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की
राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर प्रदेश और जिले के विकास, निवेश और कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा करने के लिए आज प्रदेश के लोक निर्माण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
इस अवसर पर अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, महापौर नगर निगम विक्रम अहके, शेषराव यादव, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, एसपी अजय कुमार पांडेय, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, उप संचालक जनसंपर्क सुश्री नीलू सोनी सहित अन्य अधिकारी और प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सम्माननीय पत्रकार उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में राज्य ने निवेश आकर्षित करने, इन्फ्रास्ट्रक्चर और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश में निवेश लाने के प्रयासों में मध्यप्रदेश पूरे देश में तीसरे स्थान पर है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विदेश यात्राओं के माध्यम से लगातार निवेश को बढ़ावा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब कल्याण की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों तक सहायता पहुँचा रही है। महिलाओं के लिए लाडली बहना योजना में वित्तीय सहायता बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दी गई है।
सड़क, भवन और अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर में लगातार सुधार हुआ है और राज्य नक्सल मुक्त बन चुका है।
सरकार अब विरासत और विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रही है।
छिंदवाड़ा जिले की उपलब्धियों पर प्रभारी मंत्री ने जानकारी देते हुये बताया कि जिले में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यक्रमों का सकारात्मक असर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनजातीय कल्याण, राजस्व, किसान कल्याण, शिक्षा और पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे जिले की समग्र विकास दर लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत 5,727 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जिससे देश/प्रदेश में जिले का प्रथम स्थान रहा है।
प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना के तहत 35,154 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, जिससे राज्य में जिले का आवास पूर्णता में प्रदेश में द्वितीय स्थान रहा है। आवास निर्माण हेतु सामग्री जैसे सीमेंट, ईंट आदि 31.45 करोड़ रुपये की लागत में उपलब्ध कराई गई, जिससे हितग्राहियों को 5.45 करोड़ रुपये की बचत हुई।
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत 26 सितंबर, 2024 को राज्यपाल महोदय द्वारा ‘स्वच्छता साथी वॉश ऑन व्हील्स’ नवाचार ग्रामीण क्षेत्रों में लागू किया गया
।जिसकी सफलता के बाद आज ये नवाचार पूरे राज्य में लागू हो चुका है।
जनजातीय कार्य विभाग में पीएम जनमन योजना अंतर्गत पीव्हीटीजी समूह के लिए 1 मल्टीपरपस सेंटर, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 21 नई सड़कें, 77 सामुदायिक पेयजल व्यवस्थाएं, 04 आंगनवाड़ी भवन ,7474 आवासों का विद्युतीकरण एवं 14 वनधन केंद्र स्वीकृत किए गए।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 27 होम स्टे, 511 पोषण वाटिका, 80 मजरे/टोल के विद्युतीकरण, 5 सड़क निर्माण और 91 आंगनवाड़ी भवन के निर्माण प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके है।
टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना में जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा और 370 प्रकरण वितरित किए गए।
राजस्व विभाग ने निर्धारित लक्ष्य 2,62,908 फार्मर रजिस्ट्री का निर्माण शत-प्रतिशत पूर्ण किया, जिससे जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
किसान कल्याण विभाग में 350 से अधिक सुपरसीडर किसानों ने मक्का की फसल के बाद सीधे गेहूं, चना और सरसों की बोनी की, जिससे नरवाई जलाने की घटनाओं में कमी आई।
पॉपकॉर्न की कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग के माध्यम से नवाचार किया गया।
शिक्षा विभाग में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 2024 की तुलना में 23 प्रतिशत वृद्धि हुई, जबकि कक्षा 12वीं बोर्ड परिणाम में 22 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया। जिले में दिसंबर 2023 से 09 हाईस्कूल/हायरसेकंडरी स्कूल भवन निर्माण हुए, जिनकी कुल लागत 847.97 लाख रुपये है। नवाचार के तहत शासकीय स्कूलों में जेईई/नीट की तैयारी हेतु पूरे सत्र में 01 घंटे की अतिरिक्त क्लास लगाई गई, जिससे जेईई में 87 और नीट में 67 विद्यार्थियों ने क्वालीफाई किया।
पर्यटन विभाग ने माचागोरा बांध पर पहली बार जल महोत्सव और जल क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन किया। डीएटीसीसी द्वारा 28 दिसंबर से 2 जनवरी, 2025 तक तामिया एडवेंचर खेल महोत्सव आयोजित किया गया। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में सर्वाधिक 7 ग्रामों में 36 होम स्टे संचालित किए जा रहे है।
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि छिंदवाड़ा जिले में सभी योजनाओं के माध्यम से विकास की गति निरंतर बनी हुई है और आगामी वर्षों में यह और भी तेज़ होगी। इस दौरान प्रभारी मंत्री श्री
सिंह ने पत्रकार साथियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का भी समाधान किया।
छिंदवाड़ा दबंग इंडिया कन्हैया विश्वकर्मा










